गजरौला। चकनवाला के सामने बाह नाला पर बना पैंटून पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। राहगीरों का कहना है कि पैंटून पुल की वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सिंचाई विभाग से पुल की मरम्मत कराने की मांग की है।
बाह नाले पर बने पुल से शीशों वाली, ढाकों वाली, सुल्तानपुर, मीरापुर, लंगड़े वाली, विशावली, रंपुरा खादर, दारानगर, टीकों वाली गांवों के ग्रामीण गुजरते हैं। छत्रपाल सिंह, मंगत सिंह, सुरेंद्र सिंह, नरोत्तम सिंह, कैलाश आदि ग्रामीणों का कहना है कि इस समय पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग काफी नीचा हो गया है। जिससे गुजरने वाले लोगों को वाहन लेकर चढ़ने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। दो पहिया वाहन चढ़ाना तो मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा पुल पर डाले गए पटले भी कई जगह से हट गए हैं और उस पर डाली गई मिट्टी भी नीचे गिर गई है। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से पुल की मरम्मत कराने की मांग की है।