गजरौला में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर हुड़दंग रोकने के लिए बाइक सवार युवकों को रोककर पूछताछ करते ?
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला। नए साल का जश्न मनाने के लिए भीड़ और हुड़दंग रोकने के लिए हाईवे पर स्थित नामचीन होटलों पर पुलिस का पहरा रहा। जश्न मनाने पहुंचे कई युवकों को पुलिस ने वहां से खदेड़ दिया। गुरुवार को वर्ष के अंतिम दिन की विदाई और नए वर्ष का स्वागत करने के लिए युवकों ने हाईवे किनारे स्थित होटल, रेस्टोरेंट और पिज्जा शॉप पर प्लानिंग की हुई थी। कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुपालन और होटलों पर हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस सुबह से ही होटलों के बाहर मौजूद रही। इसके अलावा होटल संचालकों को नोटिस भी जारी किए गए थे। मेकडोनाल्ड (मेक-डी) परिसर में पुलिस विशेष रूप से मुस्तैद रही। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने हलका इंचार्ज एसआई देवेंद्र कुमार को फोर्स समेत वहां तैनात कर दिया था। इसके अलावा बीच-बीच में वह भी राउंड लेते रहे। वहीं एक रेस्टोरेंट के संचालक मुकेश गोयल और होटल के प्रबंधक पंकज भारद्वाज ने बताया कि इस बार कोरोना काल और पुलिस की सख्ती की वजह से कोई बड़ा आयोजन नहीं किया गया। संवाद