गजराैला। एमएसपी व स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू किए जाने की मांग को लेकर दिल्ली का घेराव करने जा रहे किसानों को रोकने के लिए हाईवे पर पुलिस मुस्तैद हो गई है। चौपला व ब्रजघाट चौकी पुलिसकर्मियों द्वारा दिल्ली की तरफ जा रहे वाहनों को रोक कर उनकी चेकिंग की जा रही है।
अमरोहा जिले सहित संभल, मुरादाबाद, रामपुर आदि जिलों के किसानों ने दिल्ली में चल रहे किसानाें के आंदोलन को समर्थन देने के लिए दिल्ली में कूच करने का ऐलान किया। सभी का दिल्ली जाने का मार्ग हाईवे है। किसानों को रोकने के लिए गजरौला थाना क्षेत्र में पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। गजरौला चौपला चौकी पुलिस व ब्रजघाट चौकी के पुलिसकर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है। दोनों चौकी के पुलिसकर्मियों ने हाईवे पर बैरियर लगा दिया है। पुलिसकर्मी दिल्ली की दिशा में जा रहे वाहनों को रोक कर यह देख रहे हैं कि किसी में किसान तो नहीं हैं। ब्रजघाट चौकी इंचार्ज नीतेंद्र वशिष्ठ ने एक-एक वाहन को रोक देखा कि किसी में अंदर छिप कर किसान तो नहीं जा रहे हैं। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि पुलिस को यह निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को समझा कर दिल्ली जाने से रोका जाए।