अमरोहा। पूरी तरह सतर्कता बरतने के बाद भी पुलिस कांवड़ियों के साथ हो रहे हादसों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। सप्ताह में तीन दिन कांवड़ यात्रा चलती है, बावजूद इसके हर दिन कांवड़िये अपनी जान गंवा रहे हैं। हादसे उसी लेन पर हो रहे हैं, जिसे प्रशासन ने कांवड़ियों के लिए सुरक्षित कर रखा है।
19 जुलाई से सावन कांवड़ यात्रा चल रही है। 22 जुलाई को सावन का पहला सोमवार था। लेकिन रविवार की रात ब्रजघाट से गंगाजल लेकर लौट रहे मुरादाबाद और अमरोहा के चार कांवड़ियों की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से कांवड़ियों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। गजरौला क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसों में अब तक छह कांवड़ियों की मौत हो चुकी है। जबकि, डिडौली क्षेत्र में भी अलग-अलग हादसों में तीन कांवड़िये जान गंवा चुके हैं।
हैरत की बात यह है कि जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के चलते हाईवे पर रूट प्लान लागू कर रखा है। मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर दोनों तरफ के वाहन चल रहे हैं। जबकि, दिल्ली से मुरादाबाद लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित है। बड़ी बात ये है कि ये सभी हादसे कांवड़ियों के लिए सुरक्षित लेने पर हुए हैं। अधिकांश हादसा में कांवड़ियों के ही वाहन आपस में टकराने पर हुए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्कता बरती जा रही है। लोगों को सड़क पर चलते हुए पूरी तरह नियमों का पालन करना चाहिए। बाइक सवार कांवड़ियों को हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए। धीमी रफ्तार से वाहन चलाएंगे तो खुद भी सुरक्षित रहेंगे और दूसरे भी।