थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद टॉप 10 अपराधी को दबोच लिया। उसके पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। वह चोरी के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उस पर 24 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जनपद अमरोहा में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान को लेकर एएसपी चंद्र प्रकाश शुक्ल, क्षेत्राधिकारी नगर विजय कुमार राणा के निकट पर्यवेक्षण में थाना नौगांवा सादात प्रभारी निरीक्षक संत कुमार, एसआई पवन कुमार सिंह, कांस्टेबल उमेश कुमार, देवेंद्र कुमार, कौशल कुमार की टीम ने शनिवार सुबह पांच बजे कमालपुरी पुल के मुठभेड़ में शातिर बदमाश, टॉप 10 अपराधी जिलेदार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि 30 मार्च को अपने साथियों के साथ मिलकर निसार खां, रशीद खां निवासी ग्राम बोरा बोरी के घर चोरी की थी। जेवरात को बिजनौर में बेच दिया। आरोपी पर लूट, चोरी, गैंगस्टर, अवैध शस्त्र रखने, पुलिस मुठभेड़, गुंडा एक्ट समेत 24 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।