अमरोहा। प्रेम प्रसंग के मामले में छत्तीसगढ़ की युवती के धर्मांतरण को लेकर पुलिस सतर्क हो गई। सीओ सिटी ने मोबाइल पर विवाहिता से वार्ता की और उसका पक्ष जानते हुए लिखित में पक्ष रखने को कहा। वहीं, पुलिस ने आरोपी युवक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
नगर के मोहल्ला दानिशमंदान के एक युवक द्वारा छत्तीसगढ़ की युवती से प्रेम विवाह करने तथा धर्मांतरण के मामले में पुलिस सक्रिय हो गई है। बुधवार को नगर कोतवाली पुलिस ने युवक के परिजनों को कोतवाली बुलाकर उनके बयान दर्ज किए। सीओ सदर विजय कुमार राणा ने बताया कि प्रेमी युगल ने 2020 में स्वेच्छा से शादी की थी। दोनों ही बालिग हैं। इस शादी से युवती के परिजनों को भी कोई एतराज नहीं है। चार महीना पहले युवती ने एक बेटी को भी जन्म दिया है। फिलहाल वह अपने मायके छत्तीसगढ़ गई हुई है। जबकि उसका युवक नासिक में नौकरी कर रहा है। उन्होंने युवती से मोबाइल पर बात की और उससे लिखित में अपना पक्ष रखने को कहा। प्राथमिक जांच में युवक की चाची द्वारा पारिवारिक विवाद के चलते शिकायत करने का मामला सामने आया है। युवती के बयान लिखित में होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।