बहजोई। युवा कल्याण विभाग की ओर से नगर के बड़ा मैदान पर हुईं खेलकूद प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे से जिला स्तरीय तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन वॉलीबॉल व फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू हुईं। उपक्रीड़ा अधिकारी प्रमिला भारती ने फीता काटकर प्रतियोगिताओं की शुरूआत की।प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी विनीत सिद्धू ने बताया कि फुटबॉल के सब जूनियर वर्ग में ब्लॉक बहजोई की टीम ने प्रथम व बनियाखेड़ा की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में ब्लॉक बहजोई की टीम प्रथम व पवांसा की टीम द्वितीय स्थान पर रही। सीनियर वर्ग में ब्लॉक बहजोई की टीम ने प्रथम व गन्नौर की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।वॉलीबॉल प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में रजपुरा ने प्रथम व बहजोई ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में गुन्नौर की टीम प्रथम व बहजोई की टीम द्वितीय स्थान पर रही। निर्णायक मंडल में अनिल कपूर, आशू शर्मा, एकता भारती, तनिष्क सिंह, एकांश गुप्ता, ज्ञान सिंह व सचिन शर्मा रहे। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सत्यवीर सिंह चौहान, वैयक्तिक सहायक सुनील कुमार दिवाकर ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।