अमरोहा। उधार के रुपये मांगने पर लैब टेक्नीशियन ने साले और अज्ञात साथियों के साथ मिलकर नगर सीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट के साथ मारपीट की। उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित फार्मासिस्ट रणवीर अमरोहा नगर की सीएचसी पर तैनात हैं। वह फार्मासिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। सीएचसी परिसर में आवासीय कॉलोनी में रहते हैं। नौ अक्तूबर की रात करीब पौने आठ बजे रणवीर सिंह किसी काम से जिला अस्पताल गए थे। तभी, ब्लड बैंक पर तैनात लैब टेक्नीशियन मोहित चौधरी से हाल-चाल पूछने लगे और उधार दिए रुपये मांगने लगे। जब उसने कोई जवाब नहीं दिया तो वह घर जाने लगे। आरोप है कि जैसे ही वह बिजलीघर से कुछ आगे पहुंचे तो आरोपी मोहित आ धमका। उसके साथ उसका साला सनी और कुछ अज्ञात लोग भी थे। आते ही आरोपी मोहित, उसके साले और साथ में आए अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कार के शीशे तोड़ दिए। घटना में रणवीर सिंह घायल हो गए। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है। संवाद