भाद्रपद माह की सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने ब्रजघाट और तिगरी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे धार्मिक अनुष्ठान कराए। पुरोहितों को दान दक्षिणा देकर तृप्त किया।
तिगरी निवासी पंडित गंगाशरण शर्मा के मुताबिक सोमवार को भाद्रपद माह की अमावस्या होने के कारण तड़के से ही श्रद्धालु तिगरी और ब्रजघाट पहुंचना शुरू हो गए थे। ताकि शुभ मुहूर्त में गंगा में स्नान कर पुण्य कमा सकें। श्रद्धालुओं ने सूर्य उगने से पहले ही गंगा में स्नान शुरू कर दिया। हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ गंगा में डुबकी लगाई। गंगा मैया के जयकारे और हर-हर गंगे के जयकारे ब्रजघाट व तिगरी गंगा तट पर गूंज उठे। स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा जल में फूल प्रसाद अर्पण किए। धूप दीप नैवेद्य से गंगा मैया का पूजन कर घर में सुख समृद्धि की कामना की। गंगा के तट पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान कराए। पुरोहितों को दान दक्षिणा देकर तृप्त किया। ब्रजघाट और तिगरी में तड़के शुरू हुआ गंगा जल में श्रद्धालुओं के स्नान का क्रम काफी देर तक चलता रहा। घर में सुख समृद्धि की कामना के लिए गंगा में डुबकी लगाते रहे।