अमरोहा। मैनपुरी में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा महाराणा प्रताप को अपमानित करने के मामले को लेकर सोमवार को क्षत्रिय समाज के लोगों ने कलक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। डीएम राजेश कुमार त्यागी को ज्ञापन सौंपा है। इसमें महाराणा प्रताप का अपमान करने एवं मोदी-योगी को गाली देने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिला महामंत्री सूबेदार तिलकराज सिंह ने कहा कि सपा के अराजक तत्वों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा को अपमानित किया। वहीं पीएम मोदी व सीएम योगी को अशोभनीय गालियां दीं। ऐसे सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान सोमपाल सिंह चौहान, डॉ. गुरजीत सिंह, राजेंद्र सिंह, सुनील कुमार, शशि चौहान आदि मौजूद रहे।