जाेया। तीन दिन से पानी के लिए तरस रहे मोहल्ला इकबाल नगर के लोगों का धैर्य जवाब दे गया। नगर पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन किया। जल्द ही पानी आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
नगर पंचायत के अधिकारी कस्बे में साफ-सफाई और विकास के लाख दावे करती है। लेकिन, टंकी के पानी को लेकर नगर पंचायत के मोहल्ला इकबाल नगर में तीन दिन से टंकी का पानी गायब है। पानी को लेकर मोहल्ले के लोगों में हाहाकार मचा हुआ है। पीने के पानी के लिए मोहल्ले के लोग तरस रहे हैं। सबमर्सिबल से पानी ले रहे हैं। शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय पहुंच कर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि टंकी का पानी पिछले कई महीनों से हफ्ते में एक या दो बार ही आता है। बूंद-बूंद करके पानी टंकियों में आता है। मोहल्ले में पानी की पूर्ति सुचारु रूप से नही हो रही है। पानी की समस्या को दूर कराने के लिए कई बार नगर पंचायत अधिकारियों को बताया जा चुका है। नतीजा सिफर रहा है। उन्होंने जल्द ही पानी की समस्या दूर कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में मलका रानी, सरफराज अहमद, फिरोज आलम, रईसुद्दीन, शकील अहमद, हाजी बाबू, आदि शामिल रहे।