गजरौला। प्रयागराज महाकुंभ से लाए गए गंगा जल पाने के लिए नागरिक उमड़ पड़े। इंदिरा चौक पर दमकल कर्मियों ने जल का वितरण किया तो लोगों की लाइन लग गई।
प्रयागराज में लगे महाकुंभ में दमकल की तीन गाड़ियां आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए गई थीं। महाकुंभ संपन्न होने पर दमकल कर्मियों ने आस्था के प्रतीक गंगा का पवित्र जल भरा और उसे नगर में ले आए। जिससे उन लोगों को भी जल मुहैया कराया जा सके, जो महाकुंभ में नहीं जा सके थे। शनिवार सुबह एएफएसओ रतन सिंह स्टाफ में शामिल महेंद्र कुमार, दीपेंद्र सिंह, विक्रांत कुमार, कुलदीप सिंह, विपिन कुमार के साथ गंगा जल का टैंकर लेकर इंदिरा चौक पर आए। यह जानकारी नागरिकों को हुई तो वह उसे पाने के लिए उमड़ पड़े। दमकल कर्मियों ने एक बड़े बर्तन में टैंकर से गंगा जल निकाला। उसमें पुष्प अर्पित किए। एफएसओ ने पुरोहित को बुलाकर विधि विधान से पूजन के बाद जल का वितरण शुरू कराया। पुरोहित ने गंगा जल से आचमन कराया। इसके बाद जल का वितरण शुरू किया गया। जिसके लिए इंदिरा चौक पर लंबी लाइन लग गई। सबको गंगा जल पाने की उत्सुकता थी। जिसे वह अपने घर में कुछ छींटे लगाने के बाद सहेज कर रख सके।