अमरोहा। शनिवार को डीएम ने तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग कोर्ट में लंबित वादों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
शनिवार को डीएम राजेश कुमार त्यागी ने सदर तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी पटलों का निरीक्षण करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड रूम, खतौनी वितरण कक्ष, रजिस्ट्री कार्यालय, पूर्ति कार्यालय आदि का निरीक्षण कर जरूरी अभिलेख देखे। उन्होंने सभी न्यायालयों में एक साल से अधिक समय से लंबित चल रहे वादों से प्राथमिकता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए। डीएम ने लेखपालों की सर्विस बुक का भी अवलोकन किया। उन्होंने लेखपालों की छुट्टियों का निर्धारण एनपीएस, जीपीएफ, वेतन निर्धारण पर कोई लाभ दिया गया है या नहीं समेत अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस मौके उपजिलाधिकारी सदर सुधीर कुमार, डिप्टी कलेक्टर पुष्करनाथ चौधरी आदि मौजूद रहे।