जिले में पीसीएस प्रारंभिक की परीक्षा के लिए नौ केंद्र बनाए गए है। परीक्षा सात और आठ दिसंबर को होनी है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं।
पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए जिले में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, जेएसएच इंटर कॉलेज, आईएम इंटर कॉलेज, कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज, एकेके इंटर कॉलेज, जेएसएच पीजी कॉलेज का ब्लॉक- ए व बी, व सिख इंटर कॉलेज नारंगपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी परीक्षा केंद्र जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर के दायरे में बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर एक बार में 4350 अभ्यर्थी परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की सघन निगरानी में होने वाली परीक्षा के लिए मजिस्ट्रेट भी तैनात किए जाएंगे। डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र निर्धारण कर सूची आयोग को भेज दी गई है।