अमरोहा। ट्रेन में चढ़ते समय धक्का-मुक्की के दौरान ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसे यात्री को जीआरपी कांस्टेबल ने बमुश्किल बचाया। हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें देख कर हर कोई कांस्टेबल के कार्य की प्रशंसा कर रहा है।
यह हादसा 28 जनवरी को अमरोहा रेलवे स्टेशन पर हुआ। दोपहर करीब एक बजे काठगोदाम एक्सप्रेस से कुछ यात्री रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। जैसे ही ट्रेन स्टेशन से दोबारा चलने लगी। तभी एक बुजुर्ग महिला व युवक चलती ट्रेन में चढ़ने लगे और हड़बड़ाहट में चढ़ते समय पैर फिसलने से गिर गए। इस दौरान महिला और व्यक्ति दोनों ही संभल गए। लेकिन बुजुर्ग महिला को संभालने के चक्कर में एक अन्य युवक धक्का-मुक्की के चलते प्लेटफार्म पर गिर गया। इससे पहले प्लेटफार्म पर खड़े लोग कुछ समझ पाते, युवक ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच आ गया। तभी यहां ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कांस्टेबल संजय सिंह दौड़कर पहुंचे और युवक को खींच लिया। कांस्टेबल की सूझबूझ के चलते युवक की जान बच गई। पूरा नजारा देखकर प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों ने कांस्टेबल संजय सिंह की सूझबूझ की सराहना की। यह पूरा हादसा प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। करीब 32 सेकेंड के वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। जिसे देखकर हर कोई कांस्टेबल संजय सिंह की सराहना कर रहा है।