अमरोहा। जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में खास मुकाबला देखने को मिल रहा है। सदस्य पद के कुल 54 प्रत्याशी ऐसे हैं, जो अपनों के खिलाफ चुनावी समर में उतरे हैं। इनमें मां-बाप के खिलाफ बेटा और सास के खिलाफ बहू चुनावी समर में हैं। इसके अलावा पति के खिलाफ पत्नी और भाई के खिलाफ भाई ने भी ताल ठोक दी हैं। अब देखना है कि जीत किसे मिलती है। हालांकि राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। जिले में जिला पंचायत सदस्य के 27 वार्ड हैं। इन पदों के लिए कुल 383 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। जिले की सबसे बड़ी पंचायत के सदस्य बनने के लिए रोचक मुकाबला होने जा रहा है। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इसमें अपनों के रिश्ते तार-तार होते दिख रहे हैं। एक वार्ड ऐसा हैं जहां पर तीन परिवार के लोगों में चुनावी जंग शुरूहो गई है। इसमें तीन अलग अलग पति के खिलाफ पत्नियों ने चुनावी जंग का एलान किया है। अलग-अलग वार्डों में 11 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनमें पति के खिलाफ पत्नियों ने चुनावी ताल ठोकी हैं। इसके अलावा विधानसभा सदस्य का चुनाव लड़ चुके एक प्रत्याशी के भाई भी बिगुल फूंक दिए हैं। इनके अलावा तीन वार्डों में तीन प्रत्याशी ऐसे हैं जिनमें मां के खिलाफ बेटा है और बेटे के खिलाफ मां ने चुनावी जंग का एलान कर दिया है।