अमरोहा। लोकसभा चुनाव की नामांकन कलक्ट्रेट में होगी। नामांकन के दौरान केवल पांच व्यक्तियों को ही कक्ष में जाने की अनुमति मिलेगी। दूसरे चरण में होने वाले नामांकन प्रक्रिया के लिए डीएम व एसपी ने बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था के लिए कलक्ट्रेट परिसर का जायजा लेते हुए अधीनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
जिले में 28 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। जोकि चार मार्च तक चलेगी। नामांकन कलक्ट्रेट में सुबह 11 बजे से तीन बजे तक होंगे। जबकि ईवीएम मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी और वहीं पर मतगणना भी होगी। नामांकन की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए बुधवार को डीएम राजेश कुमार त्यागी व एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने कलक्ट्रेट परिसर का जायजा लिया। यहां नामांकन के लिए लगाए जाने वाली बेरिकेडिंग, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे आदि की व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने वाहनों की पार्किंग आदि की व्यवस्था भी देखी। नामांकन के दौरान कक्ष में केवल पांच व्यक्तियों को आईडी कार्ड के साथ ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। चेकिंग के बाद ही सभी को अंदर प्रवेश मिल सकेगा। साथ ही प्रत्याशियों के समर्थक एक निश्चित दूरी पर रोक दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह, एएसपी राजीव कुमार सिंह, सीओ अंजलि कटारिया आदि मौजूद रहे।
कब क्या होगा
निर्वाचन की अधिसूचना 28 मार्च
नामांकन की अंतिम तिथि 4 अप्रैल
नामांकन पत्रों की जांच 5 अप्रैल
नाम वापसी 8 अप्रैल
मतदान 26 अप्रैल
मतगणना 4 जून