आदमपुर थाना क्षेत्र के गारवपुर गांव के पास ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वह तीन बहनों में अकेला भाई था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने घटनास्थल के पास शव सड़क पर रखकर ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे बाद एसडीएम के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
सैदनगली थाना क्षेत्र के ग्राम सैदरा मिलक निवासी अरविंद कुमार (25) पुत्र विजयपाल मंगलवार रात लगभग 10 बजे बाइक से हसनपुर में अपने बहन के घर से वापस गांव लौट रहा था। ढबारसी-उझारी मार्ग पर आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव गारवपुर के पास विपरीत दिशा से आ रहे लकड़ी लदे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक भाग गया। हादसे में अरविंद के सिर में गहरी चोट होने की वजह से मौके पर मौत हो गई। अरविंद को सड़क के किनारे पड़ा देख राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा कर दिया। अरविंद तीन बहनों का इकलौता भाई था। भाई की मौत से बहन पिंकी, किरन व रोशनी का रो-रो कर बुरा हाल है। अरविंद की शादी डेढ़ बर्ष पूर्व हुई थी लेकिन, कोई संतान नहीं थी। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार दोपहर ढाई बजे ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास शव रखकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक जाम से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा का कहना है कि मामले में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।