अमरोहा। इंस्पायर अवाॅर्ड मानक योजना के अंतर्गत जिले में ऑनलाइन पंजीकरण करने की प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू हो गई है। इसके लिए विद्यार्थी 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसमें कक्षा छठी से दसवीं तक के विद्यार्थियों को आवेदन करना है। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों को निर्देश जारी करते हुए बच्चों के ऑनलाइन पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की और से बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए इंस्पायर अवार्ड योजना की शुरुआत की गई है। उन्हाेंने बताया कि योजना का मूल उद्देश्य 10 से 15 आयु वर्ग के कक्षा छह से 10 तक में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के बीच रचनात्मक व नवाचार सोच पैदा करना है। इसके लिए सभी विद्यालयों में एक आइडियल बॉक्स लगाया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राएं अपने नए-नए आइडिया बॉक्स में डाल सकेंगे। परीक्षण के बाद बेहतर आइडिया को अपलोड किया जाएगा। आवेदन ई-एमआईएएस बेव पोर्टल पर करना होगा।
इंस्पायर मानक योजना विद्यार्थियों को विज्ञान मॉडल बनाने के लिए प्रोत्साहन राशि के रूप में दस हजार रुपये उपलब्ध कराती है। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों को पत्र जारी करते हुए विज्ञान शिक्षकों को अधिक से अधिक बच्चों के पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।