पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक लाख के इनामी बदमाश को दबोच लिया। बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। वहीं मुठभेड़ में सिपाही के हाथ में लगी गोली। बदमाश पर लूट, गोकशी जैसे 45 मामले पंजीकृत हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, एक कारतूस व एक खोखा व चोरी की बाइक बरामद की है। घायलों का उपचार अस्पताल में कराया जा रहा है।
सीओ अभिषेक कुमार यादव ने बताया कि बुधवार को सैदनगली पुलिस द्वारा ढक्का मोड़ पर चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो लोगों को रोकने की कोशिश की लेकिन दोनों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर भी किया। जिसमें आरक्षी राहुल ढाका हाथ में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई। जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नावेद उर्फ जावेद उर्फ चुन्धा(32) निवासी मोहल्ला मियां सराय कोतवाली संभल के रूप में हुई। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त बहुत ही शातिर किस्म का अपराधी है। जिसके विरुद्ध हत्या, गोकशी, पुलिस मुठभेड़, लूट, चोरी, अवैध शस्त्र रखने से संबंधित जनपद अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर आदि विभिन्न जनपदों में करीब 45 अभियोग पंजीकृत हैं।
रहरा में हुई गोकशी की घटना में वांछित था आरोपी
सैदनगली। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नावेद उर्फ जावेद उर्फ चुन्धा थाना रहरा क्षेत्र के ग्राम चंदनपुर में 30 अगस्त की रात्रि में हुई गोकशी की घटना में भी वांछित चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बुधवार को भी गोकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले थे।
आरोपी बोला-मुरादाबाद से पकड़ लाई पुलिस
उझारी। मुठभेड़ में पकड़े बदमाश नवेद उर्फ जावेद उर्फ चुन्धा ने सीएचसी में उपचार के दौरान मीडिया कर्मियों को बताया कि पुलिस उसे मुरादाबाद में उसकी रिश्तेदारी से पकड़कर लाई है और ढक्का के पास गोली मारी गई है।