अमरोहा। नगर के मोहल्ला शास्त्री नगर में जटीवन पार्क के निकट जमीन को हड़पने के मामले में पलायन और सामूहिक आत्मदाह की धमकी देने वाले परिवार से बुधवार को अधिकारियों ने मुलाकात की। परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने पलायन का बैनर हटा लिया। वहीं राजस्व विभाग की टीम जमीन से संबंधित पुराना रिकॉर्ड खंगाल रही है। मंगलवार को दहशतजदा पीड़ित परिवार ने पलायन के साथ जमीन छीनने पर सामूहिक आत्मदाह करने की धमकी दी थी। जिसकी जानकारी मिलते ही बुधवार को तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, सीओ सिटी विजय कुमार राणा और इंस्पेक्टर हर्षवर्धन सिंह ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान परिवार को समझाया साथ ही हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान अधिकारियों ने पीड़ित परिवार के जमीन से संबंधित कागज चेक किए। जिसके बाद तहसीलदार भूपेंद्र सिंह ने जमीन से संबंधित पुराना रिकॉर्ड निकालने की बात कही है।
ये है पूरा मामला
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किशनगढ़ के रहने वाले किसान हरि सिंह का आरोप है कि वासुदेव तीर्थ के पास मोहल्ला शास्त्रीनगर में जटीवन पार्क के नजदीक उनकी कृषि भूमि है, जिस पर कुछ भूमाफिया ने कब्जे का प्रयास किया था। खेत में खड़ी सेम की फसल को उखाड़ दिया था। इसके साथ की फसल की निगरानी के लिए बनाई गई झोपड़ी को तोड़कर तहस-नहस कर दिया था। दो मवेशी भी चोरी कर ले गए थे। किसान ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर खेत में बैनर लगाकर पलायन की चेतावनी दी थी। पीड़ित परिवार आरोप है कि उनका इस जमीन पर पिछले 35 साल से कब्जा है। लेकिन आरोपी जमीन को कब्जा करना चाहते हैं।
पीड़ित परिवार से मौके पर जाकर बातचीत की है। वास्तव में उस परिवार का जमीन पर पिछले 30-35 साल से कब्जा है। जमीन से संबंधित पुराना रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। अग्रिम आदेशों तक जमीन पर किसान का ही कब्जा रहेगा। -भूपेंद्र सिंह, तहसीलदार