कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस के प्रशासनिक अधिकारियों ने मंथन किया। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा प्लान तैयार किया। साथ ही ब्रजघाट से लेकर मुरादाबाद जिले तक किए गए रूट डायवर्जन प्लान को देखा और मैप भी चेक कर थानावार अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सावन माह के पहले सोमवार को हाईवे पर हादसे में मुरादाबाद के दो कांवड़ियों की मौत हो गई थी। जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है। दूसरे सोमवार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता तैयारी की गई हैं। बृहस्पतिवार को मुरादाबाद डीआईजी शलभ माथुर अमरोहा पहुंचे और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर तैयार किए गए खाका को अंतिम रूप दिया। इस दौरान डीएम अमरोहा बीके त्रिपाठी, एसएसपी मुरादाबाद हेमंत कुटियाल, एसपी अमरोहा आदित्य लांग्हे, एएसपी अमरोहा चंद्रप्रकाश शुक्ला, एसपी ट्रैफिक मुरादाबाद अशोक कुमार मौजूद रहे।
डिडौली कोतवाली में अधीनस्थों के साथ सुरक्षा प्लान पर चर्चा कर डीआईजी ने ब्रजघाट से लेकर मुरादाबाद के बीच रूटों पर की गई सुरक्षा व्यवस्था को देखा और समझा। किस थाना क्षेत्र में कितने ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं, रूट मैप किया है? वाहनों का रूट डायवर्जन और कहां-कहां सीसीटीवी लगे हैं। इस सभी बिंदु पर भी चर्चा की। डीआइजी ने अधीनस्थों को कांवड़ियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी है। इस दौरान सीओ सदर विजय कुमार राणा, सीओ धनौरा अरुण कुमार, सीओ हसनपुर सतीश पांडे, पाकबड़ा इंस्पेक्टर मोहित चौधरी, डिडौली इंस्पेक्टर प्रवेज कुमार मौजूद रहे।