अमरोहा। फाल्गुन माह की शिवरात्रि के लिए कांवड़ यात्रा शुरू होने में कुछ दिन बचे हैं, लेकिन पीडब्ल्यूडी द्वारा बदहाल सड़कों को दुरुस्त कराने पहल नहीं की जा सकी थी। अमर उजाला द्वारा बदहाल सड़कों को लेकर खबर प्रकाशित करने के बाद अधिकारियों की नींद टूट गई है। बृहस्पतिवार से सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान शुरू कर दिया। जिसकी शुरुआत नौगांवा-अमरोहा मार्ग से हो गई। चार से पांच दिनों में सड़कों को दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
आठ मार्च शिवरात्रि है। इससे एक सप्ताह पूर्व कांवड़ यात्रा शुरू हो जाएगी। अमरोहा शहर से बड़ी संख्या में कांवड़िये होकर गुजरते हैं। विशेषकर नौगांवा अमरोहा मार्ग से कांवड़ियों का रेला निकलता है। वहीं, धनौरा फीना, गजरौला के देहात क्षेत्र और अतरासी क्षेत्र से कांवड़िये गुजरते हैं। लेकिन, जिस रास्तों से कांवड़िये गुजरेंगे। अधिकांश बदहाल और गड्ढा युक्त हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा और आसान राह के लिए सड़कों का गड्ढा मुक्त होना जरूरी है। खबर प्रकाशित होने के बाद बृहस्पतिवार से नौगांव-अमरोहा मार्ग पर बने गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं, उबाड़ खाबड़ सड़क पर भी बजरी डालनी शुरू हो गई है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन मनोज कुमार ने बताया कि चार से पांच दिनों में नौगांवा से अमरोहा और अन्य मार्गों के गड्ढे भरने का लक्ष्य रखा गया है। कर्मचारियों को समय से कार्य निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।
-