मुरादाबाद में सीएम योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देने की घोषणा पर पुलिस ने भाकियू संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी के आवास पर पहरा बैठा दिया। पुलिस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों को नजरबंद कर लिया। सुबह नौ से शाम चार बजे तक पुलिस नजरबंद किए रही। सीएम के जाने के बाद ही पुलिस वहां से हटी।
भाकियू संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एलान किया था कि वे सोमवार को मुरादाबाद में पहुंच रहे सीएम से मुलाकात करेंगे और पदाधिकारियों के साथ सीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। मुरादाबाद रवाना होने के लिए पदाधिकारी सुबह ही मोहल्ला चौधरी चरण सिंह नगर में राष्ट्रीय अध्यक्ष के आवास पर इकट्ठा हुए। उधर, सूचना पर इंस्पेक्टर हरीशवर्धन सिंह पुलिस के साथ आवास पर मुस्तैद हो गए। पुलिस ने नरेश चौधरी और संगठन से जुड़े विजयवीर सिंह, सीमा चौधरी, मयंक धारीवाल, आशीष, आजम, संजू सैनी आदि को नजरबंद कर दिया। घर के बाहर भी पुलिस डेरा डाले रही। नरेश चौधरी ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें जबरन रोका जा रहा है। यह तानाशाही है। वह किसानों की मांगों को शासन तक पहुंचाना चाह रहे थे, लेकिन उन्हें रोक लिया गया। शाम चार बजे तक पुलिस उन्हें नजरबंद रखे रही।