दो सितंबर को हिल्टन स्कूल में छात्र के टिफिन में नॉनवेज लाने पर नाम काटने का मामला सामने आया था। पांच सितंबर को मामले की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसमें प्रधानाचार्य और छात्र की मां के बीच नोकझोंक होती नजर आई थी। मां ने प्रधानाचार्य पर छात्र को कमरे में बंद कर हुए मारपीट के आरोप लगाए थे। मामले में डीआईओएस स्तर से बनी कमेटी ने जांच की थी। वहीं, मामला लगातार तूल पकड़ता रहा। मामले में राजनीति भी हुई। उधर, मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष छात्र के परिजनों और स्कूल प्रबंधन में बातचीत के बाद समझौता हो गया। डीआईओएस की ओर से भी इसकी पुष्टि की गई थी। वहीं, यह भी सामने आया था कि हिल्टन स्कूल के प्रबंधक अनुराग सैनी सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए है।
लेकिन, अब मामले में बाल कल्याण समिति ने संज्ञान लिया है। समिति ने स्कूल प्रधानाचार्य को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि समाचार पत्रों के माध्यम से संज्ञान में आया कि प्रधानाचार्य व स्कूल स्टाॅफ ने सात वर्षीय छात्र प्रताड़ित किया व धमकाया है। वायरल वीडियो के अनुसार यदि छात्र की मां द्वारा प्रधानाचार्य व स्टॉफ पर जो आरोप लगाए गए हैं, वह सत्य पाए जाते हैं, तो यह दंडनीय अपराध है। नोटिस में आदेशित किया गया है कि प्रकरण में संबंध में साक्ष्य सहित व्यक्तिगत रूप से अपना लिखित पक्ष रखते हुए तीन दिन के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत हों।
- समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के माध्यम से प्रकरण की जानकारी हुई। समझौते के बारे में हमें जानकारी नहीं है। किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा के अंतर्गत बाल कल्याण समिति अमरोहा को नाबालिग बच्चों के साथ होने वाली किसी भी प्रकार की प्रताड़ना घटनाओं स्वत: संज्ञान लेकर समुचित न्याय दिलाने के लिए कार्रवाई करने का अधिकार है। इसके तहत प्रधानाचार्य को साक्ष्य समेत तीन में कार्यालय में प्रस्तुत होने के निर्देश दिए गए हैं। यदि प्रधानाचार्य समय से प्रस्तुत नहीं होते हैं, तो कार्रवाई कराई जाएगी। - अतुलेश कुमार भारद्वाज, अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने डीएम को लिखा पत्र
अमरोहा।
हिल्टन स्कूल में हुए नॉनवेज प्रकरण को राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की ओर से डीएम को 10 दिन में जांच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। साथ ही बच्चे की शिक्षा व सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। 12 सितंबर को सद्दाम मुजीब ने शिकायती पत्र भेजा था। इसी को लेकर आयोग ने संज्ञान लिया है। डीएम राजेश कुमार त्यागी को पत्र भेजकर उक्त प्रकरण में नियमानुसार जांच एवं कार्यवाही करने व बच्चे की शिक्षा व सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।