अमरोहा के हसनपुर कस्बे में युवक द्वारा 12 साल की बालिका से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक 100 रुपये का लालच देकर बालिका को एक खाली पड़े मकान में ले गया और वारदात को अंजाम दिया। लहूलुहान हालत में घर पहुंची बच्ची ने पूरा घटनाक्रम परिजनों को बताया। परिजन बच्ची को लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। उधर, पीड़िता का उपचार कराया जा रहा है।
दुष्कर्म की वारदात शनिवार दोपहर को हसनपुर कस्बे में हुई। एक मोहल्ला निवासी बारह वर्षीय बच्ची अपने घर से मोहल्ले में ही मोबाइल की दुकान पर जा रहा थी। दुकान पर उसकी मां का मोबाइल मरम्मत के लिए रखा हुआ था। इसी दौरान तीस वर्षीय आरोपी की नजर बालिका पर पड़ गई। पीड़िता की मां ने बताया कि बेटी को सौ रुपये का लालच देकर आरोपी अपने ही एक खाली मकान में ले गया और वहां पर दुष्कर्म किया गया। बच्ची ने शोर मचाया तो उसके साथ मारपीट भी की। लहूलुहान हालत में घर पहुंची बच्ची ने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। गुस्साए परिजन बालिका को लेकर कोतवाली पहुंचे और शिकायत करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताते हैं कि कुछ दिन पूर्व आरोपी की पत्नी प्रेम प्रसंग में प्रेमी के साथ जा चुकी है। दो बच्चे भी हैं। जिनका पालन पोषण आरोपी के घरवाले करते हैं। आरोपी मछली की दुकान चलाता है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि आरोपी दानिश के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और पास्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी फरार है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।