सैदनगली। नगर पंचायत द्वारा चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। व्यापारियों ने नगर पंचायत के अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि निजी जगह में बने स्लैब को भी तोड़ा जा रहा है। इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ।
अतिक्रमण हटाने के विरोध में शुक्रवार रात को व्यापारियों की अधिशासी अधिकारी के साथ बैठक हुई। जिसमें अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि अतिक्रमण अभियान का विरोध करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर स्वच्छता प्रेरक अभिनव कौशिक ने कहा कि रास्ते चौड़े होने से पूरे समाज को ही फायदा है। इसके बाद शनिवार को नगर पंचायत की टीम पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी लेकर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी चलाकर दोनों साइडों की स्लैब तोड़ दिए। व्यापारी अंकुर गुप्ता और अंकित गुप्ता का कहना है निजी जगह में बनी स्लैब को भी तोड़ा गया है। नगर पंचायत द्वारा मनमानी की जा रही है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया।