मंडी धनौरा(अमरोहा)। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पेराई सत्र को चालू हुए तीन माह बीत जाने के बाद भी सरकार ने अभी तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं किया है। वह क्षेत्र के गांव देहरा चक में मंडल उपाध्यक्ष जोगेंदर आर्य की माता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने आए थे।
इस अवसर पर वीएम सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अदालत ने गन्ना आपूर्ति के 14 दिन के भीतर गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिलने पर मय ब्याज के भुगतान के आदेश कर रखे हैं। लेकिन सरकार व मिल मालिक हठधर्मिता पर उतारू है। किसानों को अभी भी गन्ना मूल्य भुगतान समय पर नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सरकार चीनी मिल मालिकों से हमसाज हैं और मिल मालिकों को किसानों का शोषण करने की पूरी आजादी दे रखी है। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गारंटी कानून बनाए जाने की मांग को लेकर कहा कि सरकार ने किसान आंदोलन के समय एमएसपी का वादा किया था। लेकिन सरकार उसको भी लागू नहीं करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के एजेंडे से किसान पूरी तरह गायब हो चुका है। इस अवसर पर उपेंद्र सिंह, जोगेंद्र आर्य, दिगराज सिंह, डालचंद, राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।