गजरौला। अल्लीपुर चौपला निवासी 35 वर्षीय ई-रिक्शा चालक असलम की हत्या का पुलिस आज खुलासा कर सकती है। पुलिस ने हिरासत में लिए युवक से पूछताछ के दौरान हत्या के सबूत जुटाए। उसने वारदात को अंजाम देना कबूल किया।
अल्लीपुर चौपला निवासी शराफत के 35 वर्षीय बेटे असलम 15 जून की सुबह गदापुर रेलवे फाटक के निकट घायल अवस्था में मिले थे। वह जोया निवासी दानिश की ई-रिक्शा चलाकर गुजारा करते थे। दानिश की भानपुर फाटक पर गैराज है, लेकिन गैराज पर ई-रिक्शा खड़ी करने की जगह नहीं होने के कारण वह एक पेट्रोल पंप पर खड़ी कर देते थे। सूचना पाकर मौके पर गए एक निजी अस्पताल के एंबुलेंस कर्मियों ने उनको अस्पताल में भर्ती कराया था। असलम की नाक व मुंह से खून निकल रहा था। हालत गंभीर होने के कारण उनको निजी अस्पताल से रेफर कर दिया गया था। परिजन बेहतर उपचार के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे। रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई। कॉल डिटेल भी निकाली। कई दिन की कसरत के बाद पुलिस को असलम के हत्यारोपी का सुराग मिला। उनके दोस्त को उठाकर पूछताछ की। उसने वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस बृहस्पतिवार को घटना का खुलासा कर सकती है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि सबूत मिल गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।