अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अर्जुन अवार्ड से सम्मानित मोहम्मद शमी को भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता जागरूकता के लिए उत्तर प्रदेश के स्टेट स्वीट आइकन के रूप में नामित किया है। उपमुख्य निर्वाचन अधिकारी निधि श्रीवास्तव ने डीएम अमरोहा को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।
अब मोहम्मद शमी लोकसभा चुनाव के दौरान मतदाता जागरूकता के लिए होने वाले सरकारी कार्यक्रमों में दिखाई देंगे। विश्वकप 2023 में मोहम्मद शमी की बेहतरीन गेंदबाजी आगे अच्छे-अच्छे बल्लेबाज धराशायी हो गए थे। शमी ने वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ सात विकेट लेकर अपनी ताकत दिखाई।
उन्होंने क्रिकेट विश्वकप इतिहास में 54 विकेट अपने नाम करते हुए भारतीय गेंदबाज जवागल श्रीनाथ और जहीर खान के 44-44 विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब मोहम्मद शमी का नाम हर किसी की जुबान पर छाया हुआ है।
जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के गन्ना विकास व चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने विश्वकप क्रिकेट के हर मुकाबले में अपनी गेंदों से कमाल करने वाले शमी के गांव के विकास की घोषणा की थी। उनके निर्देश पर 18 नवंबर को सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी कुछ अन्य अधिकारियों के साथ शमी के गांव सहसपुर अलीनगर पहुंचे थे।
अधिकारियों ने यहां पहुंचकर स्टेडियम के लिए 16 बीघा जमीन चिन्हित की थी। जिसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। इसके बाद मोहम्मद शमी को अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया था। लेकिन अब भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता जागरूकता के लिए उन्हें राज्य स्तर पर सामान्य श्रेणी में स्टेट स्वीप आइकन नामित किया है। इसके बाद क्रिकेटर मोहम्मद शमी के परिवार में खुशी का माहौल है।