अमरोहा। भारतीय टीम के टी-20 विश्वकप का खिताब जीतने से हर तरफ खुशी का माहौल है। अमरोहा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने भी वीडियो जारी करते हुए टीम इंडिया और देशवासियों को जीत की बधाई दी है।
13 बरस के इंतजार के बाद भारतीय टीम ने विश्वकप का कोई खिताब अपने नाम किया है। 2023 में हुए विश्वकप में भी भारतीय टीम फाइनल तक तो पहुंची लेकिन खिताब अपने नाम करने से चूक गई थी। उस टीम का हिस्सा रहे और सभी मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अब टी-20 विश्वकप का विजेता बनने पर बधाई देते हुए कहा कि यह टीम इंडिया के लिए अभूतपूर्व क्षण है। एक बारगी लगा कि भारतीय टीम खिताब से चूक रही है। लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने न केवल मैच में वापसी की बल्कि टी-20 का विश्व चैंपियन का खिताब भी अपने नाम कर दिया।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा करना खिलाड़ी के लिए बहुत भावुक पल होता है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। सभी खिलाड़ियों ने क्रिकेट व देश के लिए बड़ा योगदान दिया है। उनके भाई मोहम्मद हसीब ने बताया कि मोहम्मद शमी परिवार के साथ बाहर हैं। हालांकि भारतीय टीम के विश्व चैंपियन बनने पर सभी जगह हर्ष का माहौल है।