बकरी के लिए चारा लेने निकले 12वीं के छात्र का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका है। परिजनों ने उसे रिश्तेदारी और परिचितों में भी तलाश किया। उधर थाना पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
जलाल नगर मोहल्ला निवासी 12वीं का छात्र समीर शुक्रवार सुबह दस बजे घर से यह कह कर निकला था कि वह बकरी के लिए जंगल में चारा लेने जा रहा है। घंटे भर बाद भी नहीं लौटने पर चिंतित परिजन उसे तलाश करने निकले थे। जंगल में उसकी शर्ट मिली थी। जिसके बटन टूटे थे। शर्ट पर खून लगा था। पुलिस और परिजनों ने देर शाम तक उसे तलाश किया था
। पुलिस ने खोजी कुत्ते को भी घुमाया था लेकिन किसी नतीजे पर नहीं पहुंची थी। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। उसकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। परिजनों ने समीर के जिन कपड़ों को जंगल में मिलने का दावा किया था, वह सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई समीर की तस्वीर में नहीं थे। इस कारण घटना की संदिग्धता को और अधिक बल मिला। उधर घटना के दूसरे दिन भी छात्र का पता नहीं मिला। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी का कहना है कि छात्र का पता नहीं चला है। मगर मामले की संदिग्धता बढ़ती जा रही है। मामले की जांच चल रही है।