संभल के गुन्नौर से टेंपो किराए पर करके दो बदमाश आदमपुर थाना क्षेत्र में टेंपो ले आए। यहां चालक से मारपीट करते हुए 15 हजार रुपये, मोबाइल और टेंपो लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है, लेकिन पुलिस घटना की जानकारी से इंकार कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, जनपद बदायूं के जुनावाई थाना क्षेत्र के गांव पथरिया निवासी आबिद टेंपो चालक है। आबिद जुनावाई से गुन्नौर के बीच टेंपो चलाता है। आबिद के मुताबिक बृहस्पतिवार की देर शाम को गुन्नौर चौराहे पर तीन युवक यात्री बनकर मिले। उन्होंने संभल के कस्बा गवां तक टेंपो किराए पर ले जाने की बात की। 500 रुपये किराया तय हुआ। देर रात गवां पहुंचने पर आरोपियों ने आदमपुर मोड़ तक टेंपो ले जाने की बात की और किराए में 200 रुपये बढ़ाकर दे देंगे। इस पर टेंपो चालक आदमपुर मोड़ तक आ गया।
आरोप है कि यहां यात्री बन कर बैठे तीन बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। जेब में रखा मोबाइल, 15,000 रुपये की नगदी और टेंपो लूट लिया। लूटपाट के बाद बदमाश आदमपुर की दिशा में फरार हो गए। उनके साथ एक युवक और था। जो पहले से ही घटनास्थल पर बाइक लेकर खड़ा हुआ था। वह भी टेंपो के पीछे पीछे चला गया। मारपीट में घायल टेंपो चालक के शोर मचाने पर आसपास काम कर रहे किसान मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस से मामले की शिकायत की गई है। आदमपुर थाना अध्यक्ष राम प्रकाश शर्मा का कहना है कि इस तरह की की कोई घटना संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो जांच पड़ताल कराई जाएगी।