गजरौला। बुखार से पीड़ित अधेड़ की मौत हो गई। उन्हें कई दिन से बुखार आ रहा था। मोहल्ले के लोगों ने चंदा एकत्र कर उनके अंतिम संस्कार के लिए कफन, लकड़ी आदि का इंतजाम किया। देर शाम तिगरी में अधेड़ का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
51 वर्षीय उजागर सिंह मूलरूप से बाहर किसी राज्य के रहने वाले थे। वह कई साल से शिवपुरी मोहल्ले में रहते थे। वह किसी फैक्टरी में काम करते थे, जबकि पत्नी राधा घरों में साफ सफाई का काम करती है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कई दिन पूर्व उनको बुखार आ गया। जिस पर परिजनों ने उनको निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, मगर हालत में सुधार नहीं हुआ। बुधवार की सुबह उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उनको निजी चिकित्सक के यहां ले गए। उनकी हालत बिगड़ती गई। दोपहर बाद तीन बजे उनकी मौत हो गई। उजागर सिंह की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले के लोगों को पता चला कि उनके अंतिम संस्कार के लिए परिवार पर रुपयों का इंतजाम नहीं है। जिस पर मिल कर चंदा एकत्र किया। कफन, लकड़ी आदि का इंतजाम कर तिगरी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।