अमरोहा। पीएम श्री योजना में स्वीकृत हुए परिषदीय स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक करते हुए बीएसए ने कंपोजिट ग्रांट से मिली राशि को खर्च करने के बारे में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में व्हाइट एवं ग्रीन बोर्ड के साथ-साथ प्रकाश एवं पंखों की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।
शनिवार को कार्यालय में हुई बैठक में बीएसए डॉ. मोनिका ने कहा कि प्रत्येक स्कूल में नाम एवं लोगों जरूर लिखा होना चाहिए। प्रत्येक पीएम श्री विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार मल्टीपल हैंडवाश, प्रत्येक कक्षा कक्ष में ग्रीन बोर्ड/व्हाइट बोर्ड की व्यवस्था होनी चाहिए। स्कूलों में टीएलएम से शिक्षण कार्य कराया जाए। कहा कि सभी कक्षा कक्ष में टायल्स होनी चाहिए।
उन्होंने स्मार्ट क्लास पर जोर देते हुए कहा कि कंपोजिट ग्रांट से खरीदी जाने वाली सामग्री उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए। बीएसए ने धनौरा विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय सुनगढ़ माफी एवं चकनवाला तथा अमरोहा विकास खण्ड के कंपोजिट विद्यालय नन्हेड़ा में स्वीकृत अतिरिक्त कक्षा कक्ष निर्माण एवं सात विद्यालयों में स्वीकृत बाल वाटिका के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। बैठक में जिला समन्वयक निर्माण सत्यवीर सिंह, प्रधानाध्यापक सुखदेव सिंह, जीशान खान, संजीव कुमार, शीशपाल सिंह, प्रदीप कुमार भाटी, सुशील नागर आदि मौजूद रहे।
-