गांव रमपुरा खादर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के गांव पत्थरकुटी निवासी चंद्रपाल सैनी ने बेटी करुणा (25) की शादी दो साल पहले थाना क्षेत्र के ही गांव रमपुरा खादर निवासी युवक के साथ की थी। दोनों की वैवाहिक जीवन अच्छे से बीत रहा था। करुणा का शव शुक्रवार सुबह घर में ही फंदे से लटका मिला तो ससुराल पक्ष के लोगों के पांव तले जमीन खिसक गई। उन्होंने करुणा के मायके वालों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर रमपुरा खादर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के सामने भी मायके वालों ने अपनी बेटी की हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।