अमरोहा। घर में मौजूद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया। देर रात शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
अमरोहा नगर के मोहल्ला बटवाल नई बस्ती में मेहराजुद्दीन का परिवार रहता है। 12 साल पहले उनकी शादी मोहल्ले की रहने वाली अर्शी नाज से हुई थी। परिवार में तीन बच्चे भी हैं। सोमवार की शाम संदिग्ध हालात में अर्शी नाज की मौत हो गई। जब इसकी जानकारी मायके वालों को हुई तो तुरंत विवाहिता के पिता अलीमुद्दीन परिजनों के साथ पहुंच गए। उन्होंने अर्शी नाज की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। छानबीन करने के बाद पुलिस को हत्या किए जाने जैसा कोई क्लू नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। बीमारी के चलते मौत की बात सामने आई है।