नौगांवा सादात (अमरोहा)। दहेज के लिए ससुराल वालों ने विवाहिता के ऊपर डीजल उड़ेलकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली रेफर किया गया है। विवाहिता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर हत्या की कोशिश करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
गजरौला के मोहल्ला विजयनगर में नूर मोहम्मद का परिवार रहता है। उन्होंने अपनी बेटी शबाना की शादी दो साल पहले नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के मुकरी गांव निवासी इदरीश के बेटे शकील के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। ससुराल वालों ने शबाना को मारपीट कर घर से निकाल दिया था, लेकिन समाज के संभ्रांत लोगों के साथ पंचायत हुई जिसमें समझा कर शबाना को वापस ससुराल भेज दिया गया। बुधवार को जान से मारने की नियत से ससुराल वालों ने शबाना पर डीजल उड़ेलकर आग लगा दी। जिससे शबाना गंभीर रूप झुलस गई। किसी को शक न हो, इसलिए ससुराल वालों ने विवाहिता को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। सूचना मिलते ही मायके वाले अस्पताल पहुंच गए। विवाहिता के पिता नूर मोहम्मद का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए जान से मारने की नियत से आग लगाई है। वहीं डॉक्टरों ने विवाहिता की हालत नाजुक देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया। डॉक्टरों ने विवाहिता के साठ फीसदी झुलसने की बात कही है। सीओ सतीश चंद पांडेय ने बताया कि विवाहिता के पिता की तहरीर पर मेशर जहां, इदरीश, शकील, साबिर और साकिर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और हत्या की कोशिश के आरोप में केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।