शादी डॉटकाम पर एक डॉक्टर ने असम निवासी युवती से संपर्क कर उसे यहां बुला लिया और होटल में रखा। पहले तो डॉक्टर ने शादी से इन्कार कर दिया। बाद में जब मामला पुलिस में पहुंचा तो जेल जाने के डर से युवती से निकाह कर लिया। रविवार को युवती ससुराल पहुंची तो उसे घर में घुसने नहीं दिया गया। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद युवती ससुराल चली गई।
क्षेत्र के गांव निवासी एक डॉक्टर ने शादी डॉटकाम पर एक असम की एक युवती से तीन माह पहले संपर्क किया था। युवती को बुलाकर कई दिन तक होटल में भी रखा। शादी करने का भरोसा दिया लेकिन शादी नहीं की । युवती ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस के समझाने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और बाद में निकाह भी हो गया। निकाह के बाद युवती असम चली गई थी। रविवार को असम से युवती क्षेत्र में आई और अपनी ससुराल के दरवाजे पर पहुंच गई लेकिन ससुराल वालों ने उसे घर में नहीं घुसने दिया। नाराज युवती डिडौली कोतवाली पहुंच गई। पुलिस ने ससुराल वालों को भी बुला लिया। बाद में समझौता होने पर युवती अपनी ससुराल चली गई।