मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने मोहल्ले में ही रहने वाली एक नाबालिग लड़की को अपनी हवस का शिकार बना लिया। पीड़िता आरोपी के घर सब्जी लेने गई थी। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
एक गांव निवासी नाबालिग लड़की सोमवार की शाम मोहल्ले में ही रहने वाले युवक के घर सब्जी लेने गई थी। पिता की तहरीर के मुताबिक युवक समय घर पर अकेला था। उसने बेटी को दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने घर जाकर आपबीती की जानकारी परिजनों को दी। उनके पांव तले जमीन खिसक गई। परिजन आरोपी के घर पहुंच गए। बताया जाता है कि आरोपी व पीड़िता के परिजनों में आपस में मारपीट भी हुई।
पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को बुला लिया। आरोपी व पीड़िता के एक ही जाति से होने के कारण कुछ लोगों ने दोनों के बीच समझौते का प्रयास भी किया लेकिन पीड़िता के परिजन नहीं माने। प्रभारी निरीक्षक अरविंद त्यागी ने बताया कि नाबालिग के पिता की तहरीर पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसको जेल भेज दिया गया है।