अमरोहा। बुखार के कई मरीजों के फेफड़ों में इन्फेक्शन मिला है। डेंगू, मलेरिया और वायरल के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों की उलझन यह है कि तीनों बीमारियों में एक ही तरह के लक्षण होते हैं, ऐसे में पहचान करना थोड़ा मुश्किल हो रहा है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो रही है। इतना ही नहीं बुखार के मरीजों में कोरोना जैसे लक्षण दिख रहे हैं। एक्स-रे से इन्फेक्शन की पुष्टि हुई।
जिले में डेंगू बुखार कहर बरपा रहा है। कई लोगों की जान जा चुकी है। करीब 55 से अधिक डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। निजी और सरकारी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भरमार है। लक्षण देखकर दवा दी जा रही है। अधिकतर मरीज वायरल के हैं। स्वास्थ्य विभाग डेंगू के मरीजों की संख्या की पुष्टि करने से कतरा रहा है।
इतना ही नहीं मलेरिया में मुख्य लक्षण रात 12 बजे तेज बुखार आने पर मलेरिया होने की ज्यादा आशंका होती है। ऐसे भी तेज बुखार में ही सैंपल लेकर जांच कराई जाए तभी मलेरिया का पता चलता है। डॉक्टरों की मानें तो कोरोना कहीं गया नहीं है। इस समय फैल रही बीमारी और कोरोना के लक्षण एक जैसे हैं। कुछ दिनों में कई मरीज ऐसे मिले हैं, जिनमें कोरोना के लक्षण मिले हैं। इन मरीजों को बुखार और सांस लेने के दिक्कत महसूस हो रही थी।
केस-एक
अमरोहा तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान के 22 वर्षीय बेटे को बुखार आया था। इसके बाद उसे खांसी, जुकाम की शिकायत हुई और बाद में सांस लेने में दिक्कत बनने लगी। डॉक्टरों की सलाह पर एक्स-रे कराया गया। जिसमें फेफड़ों पर इंफेक्शन की पुष्टि हुई। इसके बाद युवक को होम आइसोलेट कर उपचार किया गया। करीब पंद्रह दिन इलाज के बाद युवक का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है। डॉक्टर ने फेफड़ों में इन्फेक्शन की वजह कोरोना जैसे लक्षण होना माना है।
केस-दो
जोया क्षेत्र के रहने वाले लगभग 55 वर्षीय किसान चार दिन पहले अमरोहा के निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे। उन्हें बुखार के साथ खांसी जुकाम समेत कोरोना जैसे लक्षण थे। इस मरीज का सीटी स्कैन कराया गया तो फेफड़ों में इन्फेक्शन का स्कोर 25 में से 19 आया। इस मरीज को भी डॉक्टरों ने होम आइसोलेट कर एहतियात बरतने की सलाह दी है।
खांसी-जुकाम, बुखार कोरोना के लक्षण थे। इस समय बड़ी संख्या में लोग बुखार से पीड़ित मिल रहे हैं। लक्षण एक जैसे हैं। फिलहाल हमारी जानकारी में ऐसा कोई मरीज नहीं आया है, जिसके फेफड़ों में इन्फेक्शन हुआ हो। फिर भी लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।
-डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ अमरोहा
-
-डेंगू बुखार से बचाव के उपाय
-घर के आसपास पानी जमा न होने दें
-कूलर का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदले
-घर में कीटनाशक दवाई छिड़के।
-बच्चों को ऐसे कपड़े पहने जिससे उनके हाथ पांव पूरी तरह से ढके रहे
-सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें
-मच्छर भगाने वाली दवाइयों का प्रयोग करें
-टंकियों और बर्तनों को ढक कर रखें