अमरोहा के ढबारसी में प्रेम प्रसंग के चलते चालीस वर्षीय विधवा महिला गर्भवती हो गई। करतूत पर पर्दा डालने के लिए प्रेमी ने उसे गर्भपात की दवा खिला दी। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। मौत के बाद गांव में पंचायत बैठ गई। प्रेमी पर एक लाख जुर्माने की सजा सुनाई गई। पंचायत के फैसले के बाद बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पूरा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह मामला आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव का है। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने विधवा महिला को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। महिला से संबंध हो गए। जिससे महिला गर्भवती हो गई। गर्भवती होने की बात महिला ने प्रेमी को बताई। प्रेमी ने करतूत पर पर्दा डालने के लिए गर्भपात की दवा खिला दी। जिससे महिला की हालत बिगड़ गई। मंगलवार को महिला को उपचार के लिए संभल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला के बाद परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपी के खिलाफ पुलिस से शिकायत करने की बात कही। जिसके बाद प्रेमी को बचाने के लिए गांव के ही कुछ लोगों ने मंगलवार की देर रात पंचायत बैठाई।
पंचायत में तय हुआ कि मृतक महिला के बच्चों की परवरिश के लिए एक लाख रूपये का जुर्माना प्रेमी द्वारा दिया जाए। प्रेमी अपनी जान बचाने के लिए एक लाख देने को तैयार हो गया। पंचायत के फरमान के बाद बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी श्वेताभ भास्कर का कहना है कि इस तरह की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि ऐसा हुआ है तो पूरी मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
तीन साल पहले हुई थी महिला के पति की मौत
महिला के पति की मौत तीन वर्ष पहले हुई थी। जिसके बाद वह अपने बच्चों की खुद ही परवरिश कर रही थी। दस वर्षीय बेटा व बारह वर्षीय बेटी को महिला पाल रही थी। इसी बीच गांव के ही एक युवक ने महिला को प्रेमजाल में फंसा लिया। बताते हैं कि युवक ने महिला को गांव से भगाकर ले जाने का भी प्रयास किया था, लेकिन महिला अपने बच्चों को छोड़कर भागने की हिम्मत नहीं जुटा सकी थी। ये घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई।