अमरोहा। शायद ही कोई ऐसा दिन हो, जब जिले में तेंदुए दिखाई न दे रहा हो। अब नौगांवा सादात के गांव कैल बकरी मिलक में तेंदुआ देख किसान के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि किसान जिस समय खेत पर जा रहा था, तभी उसी नजर गीदड़ को निवाला बना रहे तेंदुए पर पड़ गई। गांव वाले पहुंचे तो तेंदुआ तब तक गायब हो गया।
गांव निवासी सतपाल सिंह सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे अकेले अपने खेत पर जा रहे थे। तभी उनकी नजर धान के खेत में गीदड़ को निवाला बनाते तेंदुए पर पड़ गई। जिसे देख उनके होश उड़ गए और वह उल्टे पांव गांव पहुंच गए। यहां उन्होंने ग्रामीणों से खेत में तेंदुआ होने की बात बताई। जिसके बाद ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ खेत पहुंचे और तेंदुए की तलाश की। लेकिन तब तक वह जंगल में गायब हो चुका था। गांव में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों के होश उड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग को इसके बारे में जानकारी देते हुए उसे पकड़वाने की मांग की है। उधर, डीएफओ एसपी सिंह ने बताया कि कैलबकरी गांव बिजनौर जिले की सीमा से लगा हुआ है। हो सकता है कि वहां से तेंदुआ गांव में आ गया हो। टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वह अकेले खेत पर न जाएं। समूह के साथ जाएं और तेंदुआ दिखने तत्काल वन विभाग को सूचित करें।