हसनपुर/आदमपुर। क्षेत्र में तेंदुए का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेंदुआ किसी न किसी गांव में दिखाई दे रहा है। पशुशाला में बंधे बकरे को उठाकर तेंदुआ ले गया। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव बसी कल की है। गांव निवासी राजकुमार का घर एवं पशुशाला गांव के बाहरी छोर पर है बताते हैं कि सोमवार की रात को तेंदुए ने पशुशाला में बकरे को निशाना बनाते हुए उसे निवाला बना लिया। मंगलवार की सुबह को बकरे का शव जंगल में पड़ा मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। उधर, गांव आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव सांथलपुर में भी तेंदुआ देखा गया है। जंगल में रास्ते पर तेंदुआ जाते हुए का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
ग्रामीणों ने तेंदुआ पकड़वाने की मांग की है। वहीं वन दरोगा पलटराम का कहना है कि तेंदुआ पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगी हुई है।
-
जानवर के हमले से युवक घायल
बुरावली। थाना रहरा के गांव निरावली खादर निवासी सुरेंद्र पुत्र हरिओम मंगलवार की सुबह जंगल को जा रहा था। तभी रास्ते में दो भेड़िया जैसे जानवर दिखाई दिए। जैसे सुरेंद्र भागा तभी भेड़िए ने सुरेंद्र पर हमला कर घायल कर दिया। उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि भेड़िया जैसा दिखने वाले जानवर को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।