बच्चों की सुरक्षा विभाग की पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी के कारण सोमवार तक विद्यालय बंद हैं। इसके बाद विद्यालय बंद रखने के बारे में बेसिक शिक्षा अधिकारी से अनुमति ली जाएगी। विद्यालय के एक ओर गन्ने का खेत है। सुरक्षा के लिहाज से यह स्थिति ठीक नहीं है। शनिवार को भी तेंदुआ गन्ने के खेत से ही विद्यालय परिसर में आया था। - राजकुमार, खंड शिक्षा अधिकारी, धनौरा
झुझैला चक के प्राइमरी स्कूल परिसर में तेंदुए के घुसने की सूचना मिली थी। तेंदुए को पकड़ने के लिए ग्रामीणों के अनुरोध पर गांव में पिंजरा लगवा दिया गया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को अकेले घर से बाहर न भेजें। खेतों की ओर जाते समय ग्रामीण भी सतर्कता बरतें। - संजय चौधरी, वन क्षेत्राधिकारी, धनौरा
दर्जन भर गांवों में तेंदुए की दहशत
क्षेत्र के एक दर्जन गांवों में तेंदुए की दहशत अभी बरकरार है। तेंदुए की दहशत की वजह से ग्रामीणों ने अपने खेेतों की ओर अकेेले में जाना बंद कर दिया है। झुझैला चक में आठ वर्षीय आलोक पर तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीण दहशत में हैं। डेढ़ माह पहले ग्राम टोनिया में तेंदुए ने आठ साल के बालक राजकुमार पर पंजे से हमला कर घायल कर दिया था। तेंदुए की दहशत सैरकपुर, ताजपुर, लाडनपुर, नादनौर माफी, अम्हेड़ा, मलेशिया, कमालपुर काजी, मुसल्लेपुर, हैबतपुर, टोनिया, सिरसा जट, मिलक मोतीखेड़ा, हिरनाखेड़ी आदि गांवों में बरकरार है। बीते एक माह में तेंदुआ क्षेत्र के कई गांवों में कई पशुओं को अपना निवाला बना चुका है।