क्षेत्र में आए दिन कहीं न कहीं तेंदुआ दिखाई दे रहा है। मंगलवार सुबह क्षेत्र के गांव रसूलपुर में ग्रामीणों ने तेंदुए को नीलगाय का शिकार करके खाते देखा तो उनके होश उड़ गए। शोर मचाने पर तेंदुआ शिकार छोड़कर जंगल में छिप गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगवाने की मांग की है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के कई गांवों में लगातार तेंदुए के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण झुंड बनाकर खेतों में जा रहे हैं। मंगलवार सुबह क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी चरण सिंह के खेत से चारा लेने जा रहे थे। जब वह डिडौली-रसूलपुर मार्ग पर पहुंचे तो उन्हें पास के खेत से हलचल सुनाई दी। उन्होंने डर के कारण शोर मचा दिया। आसपास खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण इकट्ठा होकर खेत में पहुंच गए। वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
ईख के खेत में बैठा नीलगाय का शिकार कर उसे खा रहा था। ग्रामीणों के शोर पर तेंदुआ जंगल में छिप गया। तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने महिलाओं और बच्चों को घर भेज दिया। मामले की सूचना वन विभाग को देते हुए जंगल में पिंजरा लगवाने की मांग की। डीएफओ एसपी सिंह ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने व अकेले खेतों पर न जाने की अपील की है।