हसनपुर। अपर आयुक्त बृजेश कुमार ने बृहस्पतिवार को हसनपुर तहसील क्षेत्र में स्थित सहायक चकबंदी अधिकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई लेखपाल गैर हाजिर मिलने पर अपर आयुक्त ने खासी नाराजगी जताई। उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
अपर आयुक्त ने क्षेत्र के मटैना, आदमपुर, देहरी गुर्जर स्थित सहायक चकबंदी कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकतर लेखपाल गैरहाजिर मिले। वहीं एडिशनल कमिश्नर ने कार्यालयों में पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टर आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। कार्यालयों में कई लेखपाल गायब मिले। जिसको लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि ड्यूटी में लापरवाही कतई सहन नहीं की जाएगी। ड्यूटी को ईमानदारी के साथ निर्वहन किया जाए। सहायक चकबंदी अधिकारी कार्यालय के बाहर आए फरियादियों की भी शिकायतें सुनीं। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार रूपक सक्सैना, चकबंदी अधिकारी अशोक कुमार समेत कर्मचारी मौजूद रहे।