गजरौला (अमरोहा)। नौ अक्तूबर को हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी अशोक की पौने दो करोड़ रुपये की भूमि को गजरौला पुलिस ने हापुड़ जिले की राजस्व टीम के साथ शुक्रवार को कुर्क कर दिया है। उसके खेत में पुलिस ने संपत्ति कुर्क कार्रवाई के बोर्ड भी लगा दिए हैं।
थाना क्षेत्र का गांव गुलालपुर गंगा पार के जंगल में है। पिछले साल नौ अक्तूबर की रात गांव के जंगल में बने फार्म हाउस पर अनिरुद्ध मावी व रतनपाल भाटी की नल के हत्थे, बलकटी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई थी। अनिरुद्ध मावी मेरठ के सीना गांव का रहने वाला था। जबकि रतनपाल भाटी नोएडा के बोड़ाकी गांव में रहने वाला था। हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव निवासी अशोक पर आरोप है कि उसने ही दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि वह इस दोहरे हत्याकांड का मास्टर माइंड है। उसने जमीन के लिए ही वारदात को अंजाम दिया। वह लगातार पुलिस की पकड़ से दूर है। न तो वह पुलिस के हत्थे चढ़ सका है और न ही कोर्ट में सरेंडर किया।
ऐसे में पुलिस ने बीते दिनों उसके घर की कुर्की की कार्रवाई की। खेती की जमीन कुर्क करने से रह गई थी। जिसको कुर्क करने के लिए बृहस्पतिवार को गजरौला थाना प्रभारी ने हापुड़ जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त कर ली। शुक्रवार को वह गजरौला पुलिस और हापुड़ जिले की राजस्व विभाग की टीम गांव में लेकर पहुंचे। अलग-अलग नंबरों में उसकी 17 बीघे भूमि की नापतौल कराने के बाद आंकलन कराया। जिसकी कीमत पौने दो करोड़ रुपये बताई गई। जिसे पुलिस ने कुर्क कर लिया। अपने कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने बोर्ड लगा दिए। सीओ श्वेताभ भास्कर ने पुष्टि करते हुए कहा कि उसकी खेती की भूमि को कुर्क कर लिया गया है।