हसनपुर। क्षेत्र के गांव मंगरौला में गंगा एक्सप्रेसवे के नजदीक औद्योगिक ग्रीन गलियारे के लिए खरीदी जा रही भूमि के बैनामा की प्रक्रिया का कार्य लोकसभा चुनाव की वजह से थम गया है। अब तक केवल 49 फ़ीसदी भूमि के ही बैनामा हो पाया हैं। औद्योगिक गलियारे के लिए 2200 बीघा भूमि चिह्नित की गई थी।
मेरठ से प्रयागराज तक बनाए जा रहे गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे गांव मंगरौला में औद्योगिक शहर बसाए जाने की शासन की योजना के अनुसार यूपीडा और अमरोहा जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भूमि खरीदने का कार्य किया जा रहा है। औद्योगिक गलियारा बनाए जाने के लिए मंगरौला, रुस्तमपुर, गांगटकोला व दौलतपुर गांव की करीब 2200 बीघा भूमि को चिह्नित किया गया है। लोकसभा चुनाव की वजह से पिछले एक माह से बैनामा प्रक्रिया सुस्त पड़ गई है। अबतक कुल भूमि में से 49 फीसदी भूमि का बैनामा कराया जा चुका है। लेकिन 26 अप्रैल को मतदान हो जाने के बाद से फिर राजस्व अधिकारी बैनामा की प्रक्रिया तेज करने की कोशिश में जुट गए हैं। तहसीलदार सुदीप कुमार का कहना है कि अब तेजी के साथ बैनामा प्रक्रिया फिर से शुरू की जाएगी। चुनाव की वजह से बैनामा प्रक्रिया प्रभावित हो गई थी। संवाद