जोया(अमरोहा)। बड़े भाई की शादी के कार्ड बांटने जा रहे कटाई निवासी रितेश (25) की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में चल रहीं शादी की खुशियां काफूर हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव में किसान नन्हू सिंह का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे और एक बेटी है। सबसे छोटा बेटा रितेश रोजमर्रा की मजदूरी करता था। 29 अप्रैल को उसके रितेश के बड़े भाई जयविंदर की शादी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। रितेश बृहस्पतिवार को बरखेड़ा राजपूत में अपने फुफेरे भाई के तिलक समारोह में दावत खाकर अपने भाई की शादी के कार्ड बांटने जोया रहा था। जैसे ही उसकी बाइक श्योनाली की जियारत के सामने पहुंची तभी पीछे से तेज रफ्तार कार के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में रितेश की मौके पर मौत हो गई। आरोपी चालक कार छोड़कर भाग गया। हादसे में रितेश की बाई क्षतिग्रस्त हो गई। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी चालक का पता लगाया जा रहा है।